सिद्धार्थनगर / डुमरियागंज। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर डुमरियागंज और इटवा विधानसभा के बीच स्थित ऐतिहासिक सिद्धपीठ माँ वटवासिनी महाकाली मंदिर, गालापुर धाम में कल भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित इस दीपोत्सव में माता के दरबार में सवा लाख देशी मिट्टी के दीयों को जलाकर पूरे मंदिर परिसर को रोशनी से जगमगा दिया गया। दीपों की रोशनी में ऐसा लग रहा था मानो 22 दिन पहले ही दिवाली आ गई हो।
50 हजार भक्तों का जनसैलाब
कल के कार्यक्रम में करीब 30 से 50 हजार की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। वैसे तो साल भर में इस मंदिर में लाखों लोग आते हैं, लेकिन नवरात्रि के दीपोत्सव का नजारा ही कुछ और होता है। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस बार भी देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा।
पूर्व विधायक करते हैं अगुवाई
इस पूरे आयोजन की अगुवाई धर्म रक्षा मंच के संरक्षक और डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह करते हैं। उन्होंने ही माँ महाकाली की आरती कर पहला दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह दीपोत्सव पिछले कई सालों से लगातार मनाया जा रहा है और हर साल दीपों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले साल यहां 2 लाख और सवा तीन लाख तक दीप जलाए गए थे।मंदिर को सिद्धपीठ माना जाता है, मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।

गालापुर धाम में सवा लाख दीपोत्सव की तैयारी, दीयों में तेल डालते हुए श्रद्धालु